Oplus_16908288
झबरेडा 26 मई। कस्बा झबरेड़ा को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा मंगलौर मार्ग से गांव झबरेडी जाने वाले नवनिर्मित बाईपास मार्ग का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस नए मार्ग के शुरू होने से न केवल कस्बा वासियों ने, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है।

नगर पंचायत झबरेडा द्वारा विकास कार्यों को गति देते हुए इस बाईपास मार्ग का निर्माण कराया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने बताया कि इस मार्ग की कुल लंबाई लगभग 500 मीटर हैं तथा इसको बनाने में कुल लागत करीब 50 लाख रुपए आई है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व, गांव झबरेडी सहित आगे पड़ने वाले कई मुख्य गांवों जैसे अकबरपुर झोझा, भरतपुर, लाठरदेवा शेख आदि के सभी वाहन कस्बे के रास्तों से होकर ही गुजरते थे। चीनी मिलों का गन्ने का सीजन शुरू होते ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भारी वाहनों के कारण कस्बे में पैर रखने तक की जगह नहीं बचती थी। घंटों लंबा जाम लगना यहाँ की नियति बन चुका था, जिससे स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को भारी मानसिक व आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता था। इस बाईपास मार्ग के चालू होने से अब ग्रामीण क्षेत्रों के वाहन कस्बे के बाहर से ही सीधे अपने गंतव्य को निकल सकेंगे। नगर पंचायत के इस दूरदर्शी और सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय जनता, व्यापारियों और क्षेत्र के ग्रामीणों ने नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ गौरव चौधरी, अनुज सैनी, काला वाल्मीकि, अनुज कुश ,रजनीश प्रधान, जनार्दन चौधरी, वीरेंद्र प्रधान, राजेंद्र गोयल, अभिषेक, ओमपाल, तरुण सैनी आदि मौजूद रहे।





