Oplus_16908288
झबरेड़ा, 11 अगस्त। आजाद समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार किसान और मजदूर विरोधी है। किसानों को उनकी फसलों का उचित लाभकारी मूल्य नहीं मिलने से खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। यही कारण है कि युवा वर्ग खेती-किसानी से मुंह मोड़ रहा है। आने वाले समय में इसका खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ेगा।

आजाद समाज पार्टी कोर कमेटी सदस्य व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह मंगलवार को कस्बे में स्थित एक फार्म हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों से किसान और मजदूर परेशान हैं। मजदूरों को उनकी मेहनत के अनुरूप मजदूरी नहीं मिल रही है, जबकि किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार को किसानों के खेतों में सिंचाई के लिए लगे नलकूपों की बिजली निश्शुल्क करनी चाहिए। अन्य प्रदेशों में किसानों को सिंचाई के लिए निश्शुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार नहीं मिलने से बेरोजगारी बढ़ रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का धरना प्रदर्शन और झारखंड में छात्र-छात्राओं के आंदोलन इसका उदाहरण हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की। महक सिंह ने बताया कि देश की एकता, भाईचारे और संविधान के सम्मान के लिए 18 अगस्त को सुबह नौ बजे आजाद समाज पार्टी कार्यालय रहीमपुर से स्वतंत्रता स्वाभिमान तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का समापन झबरेड़ा कस्बे में होगा। इस अवसर पर सुशील पाटिल, बब्बू चौधरी, रवि कुमार, सुरेंद्र डाबर, ललित कुमार, टीपू सिंह, रोबिन सैनी, अनुराग, मोहन महात्मा और अहमद जहांगीर आदि मौजूद रहे।





