झबरेड़ा, 15 सितंबर। कस्बे के बाजार में सड़क पार कर घर लौट रहे बुजुर्ग व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि उनके हाथ से सामान का थैला दूर जा गिरा और उसमें रखा सामान सड़क पर बिखर गया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

कस्बा निवासी सुखन सिंह मंगलवार को घरेलू सामान खरीदने के लिए बाजार आए थे। सामान खरीदने के बाद वह घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे बाइक सवार युवक ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगते ही सुखन सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनके पैर में गंभीर चोट आई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने घायल बुजुर्ग को कस्बे में स्थित चिकित्सक के पास पहुंचाया और घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन भी चिकित्सक के यहां पहुंच गए। चिकित्सक से प्राथमिक उपचार कराने के बाद परिजन घायल सुखन सिंह को बेहतर उपचार के लिए रुड़की ले गए। परिजनों के अनुसार, उनके एक पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। हादसे के बाद कुछ युवकों ने बाइक सवार को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह मौके से बाइक लेकर भागने में सफल रहा। घटना को लेकर लोगों ने बाजार में तेज गति से वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाने की मांग की है।





