Oplus_16908288
झबरेड़ा, 25 अगस्त। नगर पंचायत झबरेड़ा के सामुदायिक पंचायत घर में केंद्र सरकार की नमस्ते योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पर्यावरण मित्रों को कस्बे और शहर में साफ-सफाई रखने के साथ सफाई कार्य के दौरान स्वयं की सुरक्षा और स्वच्छता का ध्यान रखने की जानकारी दी गई।


मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नमस्ते योजना के तहत कार्यरत टीम की सदस्य भवानी सती ने पर्यावरण मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार घर, मोहल्ले, गांव और शहर की स्वच्छता जरूरी है, उसी प्रकार सफाई कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए अपनी सुरक्षा और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नालियों और सड़कों की सफाई करते समय पर्यावरण मित्रों को मास्क, ग्लव्स और घुटनों तक आने वाले रबर के जूते आदि सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करना चाहिए। सरकार की ओर से सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण और वर्दी उपलब्ध कराई जाती है। नालियों में गंदगी और दूषित पानी जमा रहने से मच्छर, मक्खी तथा अन्य हानिकारक जीव-जंतु पनप सकते हैं, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा रहता है। सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल कर इनसे बचाव किया जा सकता है। भवानी सती ने कहा कि मोहल्ले और शहर में नियमित साफ-सफाई रहने से लोगों को कई प्रकार की बीमारियों से बचाया जा सकता है। इसी तरह पर्यावरण मित्रों को भी सफाई कार्य के बाद अपने शरीर और कपड़ों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहरी वातावरण की स्वच्छता के साथ-साथ व्यक्ति की व्यक्तिगत स्वच्छता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





