झबरेड़ा 13 मई। थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव में जातीय सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपितो के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झबरेडा थाना क्षेत्र के गांव भगतोवाली निवासी अविनाश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 मई की रात करीब 9:00 बजे उसका भाई अमन कुमार टहलकर घर लौट रहा था। रास्ते में एक दुकान के पास गांव के ही कुछ लड़कों के साथ मानकपुर आदमपुर निवासी ललित और उसके साथी गाली-गलौज व बहस कर रहे थे। आरोपित ललित और उसके साथी दलित समुदाय के युवकों के खिलाफ जातीय सूचक शब्दों का प्रयोग कर रहे थे और उनके साथ बैठने पर आपत्ति जताते हुए अपमानित कर रहे थे। जब अमन ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपितो ने उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी। जब अमन वहां से अपने घर की ओर चलने लगा, तभी ललित और उसके अन्य साथियों ने जान से मारने की नियत से पीछे से चाकू से हमला कर दिया। जिससे अमन के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपित जातिगत टिप्पणी करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पीड़ित अविनाश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंहका कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट को संज्ञान में लेकर अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।





