Oplus_19005440
झबरेड़ा, 19 अगस्त। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए गए। साथ ही वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

बुधवार को कस्बा झबरेडा स्थित एक बैंकट हॉल में भाजपा की आयोजित हुई बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी ने कहा कि वह अपनी बात सुनाने नहीं, बल्कि सक्रिय कार्यकर्ताओं की बात सुनने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सुझाव लेते हुए कहा कि झबरेड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा किस तरह जीत हासिल कर सकती है, इस पर सभी को मिलकर विचार करना होगा। संगठन की कमियों को चिन्हित कर उन्हें समय रहते दूर करने की आवश्यकता है। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने सुझाव दिए। जिला अध्यक्ष मधु सिंह ने कहा कि झबरेड़ा विधानसभा की जीती हुई सीट को दोबारा भाजपा के खाते में लाने के लिए सक्रिय कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सांसद का कार्य क्षेत्र में केवल दिखाई देना नहीं, बल्कि संसद में क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान का प्रयास करना है। इस अवसर पर गजाधारी, देशराज कर्णवाल, वैजयंती माला, जितेंद्र कुमार, आदित्य बृजवाल, अमीलाल वाल्मीकि, डॉ. हर्ष दौलत, इंद्रेश, मोती, सुबोध सैनी, कुंवरपाल सैनी, अरुण, अनुज कुश, सुधीर गुप्ता आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।





