झबरेड़ा 21 मई। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस टीम ने एक लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में वांछित अपराधियों, इनामी बदमाशों और वारंटियों के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए झबरेड़ा पुलिस ने बुधवार को एक वारंटी को दबोच लिया। गिरफ्तार वारंटी की पहचान अकरम निवासी जलालाबाद, थाना चरथावल, जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वारंटी अकरम के खिलाफ न्यायालय द्वारा काफी समय पहले गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा कानूनी कार्यवाही पूरी कर वारंटी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।





