Oplus_19005440
झबरेडा 15 मई। हरिद्वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। थाना झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम भगतोवाली में एक शादी समारोह के दौरान अपहृत हुए 3 वर्षीय मासूम बालक को पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी पुलिस को देख मौके से फरार हो गए। जिनकी धर पकड़ के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

झबरेड़ा थाना में प्रेस वार्ता करते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि ग्राम भगतोवाली निवासी अमरेश कुमार ने दिनांक 14 मई को पुलिस को तहरीर दी थी कि उनका 3 वर्षीय पुत्र आंयु, घर में चल रहे शादी के कार्यक्रम के बीच से अचानक गायब हो गया है। मासूम के गायब होने से परिवार में कोहराम मच गया और खुशियां मातम में बदल गईं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन और स्वयं उनके व क्षेत्राधिकारी मंगलौर अभिनय चौधरी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक झबरेड़ा विजय सिंह के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने रात-दिन एक करते हुए क्षेत्र के लगभग 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसओजी (SOG) रुड़की के साथ समन्वय स्थापित कर मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स का विश्लेषण किया गया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने गरजा उर्फ गजे निवासी सकरपुर, मुजफ्फरनगर, यूपी को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो अन्य साथियों, मांगेराम और रविन्द्र के नाम उगले। पुलिस टीम जब आरोपितो की तलाश में सकरपुर गांव से पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुँची, तो वहां पीपल के पेड़ के पास एक व्यक्ति बालक को लेकर खड़ा था। पुलिस को आता देख आरोपित बालक को वहीं छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने मासूम आयु को सकुशल अपनी कस्टडी में ले लिया। इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम में ट्रेनी सीओ दक्ष शोखंद,प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह,वरिष्ठ,उपनिरीक्षक सतेन्द्र भण्डारी,उपनिरीक्षक जय सिंह राणा,हेड कांस्टेबल रामवीर, विकास,कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, बसन्त कुमार व एसओजी टीम रुड़की शामिल रही।पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और फरार आरोपितो की तलाश में दबिश दी जा रही है। मासूम के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है और उत्तराखंड पुलिस के नारे लगाते हुए अपनी खुशी जाहिर की तथा मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र जाती और महक सिंह ने भी पुलिस का धन्यवाद किया। वहीं उच्च अधिकारियों द्वारा पुलिस के इस सफल कार्य के लिए सराहना की गई।





