झबरेड़ा 2 अक्टूबर। पैक्स सचिव एवं कर्मचारी संयुक्त उत्तराखंड के आह्वान पर सहकारी समितियों से जुड़े सचिवों और कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर एक अक्टूबर से कलमबंद हड़ताल शुरू करने का एलान किया है।

झबरेड़ा सहकारी समिति के कर्मचारियों ने भी संगठन के आह्वान पर हड़ताल का समर्थन किया है। संगठन की ओर से जारी सूचना के अनुसार कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नवगठित एवं पैक्स समितियों को रद्द करने, मिनी बैंक एवं ऋण व्यवस्था से संबंधित समस्याओं का समाधान करने तथा सचिव एवं कर्मचारियों का सहकारिता बोर्ड में समायोजन करना शामिल है। इसके अलावा स्वास्थ्य सुरक्षा की व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई है। कर्मचारियों ने लंबित मांगों पर शासनादेश जारी करने की भी मांग उठाई है। इसमें सी-57 और सी-63 से संबंधित लंबित मामलों का निस्तारण तथा पदोन्नति एवं सेवा लाभ दिए जाने की मांग प्रमुख है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से कर्मचारियों की विभिन्न समस्याएं लंबित हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं किया गया है। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि एक अक्टूबर 2026 से पूर्ण रूप से कलमबंद हड़ताल की जाएगी। झबरेड़ा समिति के कर्मचारियों ने भी संगठन के निर्णय के अनुसार आंदोलन में शामिल होने की बात कही है। हड़ताल के कारण सहकारी समिति से जुड़े ऋण, बैंकिंग और अन्य विभागीय कार्यों पर असर पड़ सकता है।कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट होकर आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया है। हड़ताल के दौरान समिति से संबंधित विभिन्न कार्य प्रभावित होने की भी संभावना है। इस मौके पर तलवार सिंह, सन्नी, आशु ,कुलबीर सिंह, रमेश सैनी आदि मौजूद रहे।





