झबरेड़ा 14 जुलाई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सट्टे की खाई-बाड़ी करने वाले एक आरोपित को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से नगदी और सट्टा लिखने की सामग्री बरामद की है।

झबरेडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि झबरेड़ा थाने पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मानकपुर बाईपास रोड पर एक दुकान के पीछे खाई-बाडी का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपित नूर मोहम्मद निवासी मोहल्ला तेलियान, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपित मौके पर लोगों को सट्टा लगवा रहा था। तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से सट्टे के हिसाब वाली कॉपी, एक पेन और उसकी जेब से कुल 3,120 रुपये बरामद हुए। आरोपित ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस ने बरामद माल को सील कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल बीरेन्द्र शर्मा एवं कांस्टेबल मुकेश तोमर शामिल थे।





