झबरेड़ा, 25 मई। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव में किसी अज्ञात व्यक्ति ने रंजिश के चलते एक किसान के खेत में खड़े पॉपुलर के पेड़ रात के अंधेरे में काट डाले। पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के गांव झबरेड़ी खुर्द निवासी पीड़ित किसान सुखपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व अपने खेत में पॉपुलर के पौधे लगाए थे, जो अब पेड़ बन चुके थे। रविवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने रंजिश के चलते उनके खेत में घुसकर 19 पॉपुलर के पेड़ों को काट डाले और उन्हें खेत में ही छोड़कर फरार हो गया। घटना का खुलासा सोमवार सुबह उस वक्त हुआ, जब किसान सुखपाल सिंह रोजाना की तरह अपने खेत पर काम करने पहुँचे। खेत में पॉपुलर के कीमती पेड़ कटे हुए देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि किसान की ओर से पेड़ काटे जाने की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपित का पता लगाकर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





