Oplus_16908288
झबरेड़ा 22 मई। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे का अपहरण कर उसके साथ कुकर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

झबरेडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र की निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के मुताबिक, गुरुवार शाम को उसका 5 वर्षीय बेटा घर के बाहर खेल रहा था। काफी देर तक जब बच्चा घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बच्चा रोता हुआ घर पहुंचा और परिजनों को अपने साथ हुई आपबीती सुनाई। महिला की तहरीर के अनुसार, ग्राम मौलाना निवासी धातु उर्फ शुभम उम्र लगभग 45 वर्ष उसके बच्चे को बहला-फुसलाकर गांव से बाहर ले गया था, जहां उसने मासूम के साथ कुकर्म की वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने कहा कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपित शुभम निवासी ग्राम मौलाना के खिलाफ अपहरण और पोक्सो अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्चे के साथ गलत काम हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह हो पाएगी। उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित शुभम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा उसका चालान कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर आरोपित को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।





