Oplus_16908288
झबरेड़ा, 4 अगस्त। एसआईआर अभियान के तहत आवश्यक दस्तावेजों की सूची जारी होने के बाद कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच हलचल बढ़ गई है। सूची में वर्ष 1987 से पहले के दस्तावेजों सहित कुल 12 प्रकार के प्रमाण पत्रों का उल्लेख किया गया है, जिससे कई लोग आवश्यक अभिलेख जुटाने में लग गए हैं।

नगर पंचायत झबरेड़ा अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने बताया कि जारी सूची के अनुसार यदि आवश्यक हो तो आवेदक, उसके पिता और माता के लिए अलग-अलग स्व-सत्यापित दस्तावेज जमा करने होंगे। सूची में केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के पहचान पत्र, 1 जुलाई 1987 से पहले सरकार, स्थानीय निकाय, बैंक, डाकघर, एलआईसी अथवा सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा जारी पहचान अथवा प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मैट्रिक अथवा शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, वन अधिकार प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, परिवार रजिस्टर तथा भूमि अथवा मकान आवंटन संबंधी दस्तावेज शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा सरकारी स्कूल में कैंप लगाकर लोगों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जा रही है। दस्तावेजों की सूची सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में आवश्यक अभिलेखों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कई लोग पुराने दस्तावेज तलाशने में जुटे हैं, जबकि जिनके पास पुराने अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं, वे संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। वहीं क्षेत्र के लोगों का कहना है कि दस्तावेजों को लेकर समय रहते स्पष्ट जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि पात्र लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं संबंधित अधिकारी लोगों से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार दस्तावेज तैयार रखने की अपील कर रहे हैं।





