झबरेड़ा 4 जून। रेलवे प्रशासन द्वारा इकबालपुर रेलवे फाटक पर फाटक मार्ग को दुरुस्त करने का आवश्यक कार्य शुरू कर दिया गया है। जिस कारण रूट डायवर्जन किया गया है।गुरुवार को रेलवे प्रशासन द्वारा इकबालपुर रेलवे फाटक पर फाटक मार्ग को दुरुस्त करने का आवश्यक कार्य शुरू किया गया है। मरम्मत का यह कार्य 4 जून सुबह 8:00 बजे से लेकर अगले दिन 5 जून सुबह 8:00 बजे तक कुल 24 घंटे लगातार जारी रहेगा। इस कार्य के चलते गुरुकुल-झबरेड़ा-इकबालपुर होते हुए पुहाना जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से बंद रहेगा। रेलवे द्वारा इसकी पूर्व सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली झबरेड़ा के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत रूट डायवर्ट करने के आदेश जारी किए। पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया है ताकि आने-जाने वाले वाहनों और राहगीरों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों का इंतजाम किया है। वाहन अब इकबालपुर चौकी से आगे बाईं ओर मुड़कर कुंजा बहादुरपुर होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। वहीं रेलवे फाटक से पहले दाईं ओर स्थित एक गांव के रास्ते से होते हुए भी वाहन इकबालपुर चौकी तक पहुंच सकेंगे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए डायवर्ट किए गए रूटों का ही पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।






