झबरेडा 30 अप्रैल। एम्बिशन पब्लिक स्कूल में ‘हेल्पर्स डे’ सहायक दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उन लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता सिखाना था, जो हमारे दैनिक जीवन को सुगम बनाने में निस्वार्थ भाव से योगदान देते हैं।

गुरुवार को एम्बिशन पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुई। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न सहायकों जैसे माली, सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मचारी और चालक की वेशभूषा धारण कर उनकी महत्वपूर्ण भूमिकाओं का सुंदर और प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण दिया। मंच के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि कोई भी काम छोटा नहीं होता और हर सहायक समाज की एक मजबूत कड़ी है। समारोह का सबसे भावनात्मक पहलू किंडरगार्टन के बच्चों का योगदान रहा। इन नन्हे बच्चों ने अपने हाथों से रंग-बिरंगे ‘धन्यवाद कार्ड’ बनाकर स्कूल के सभी सहायकों को भेंट किए। बच्चों के इस सरल और प्रेमपूर्ण व्यवहार ने सभी का दिल जीत लिया।स्कूल प्रबंधन की ओर से सभी सहायकों के सम्मान में विशेष जलपान की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने जीवन में सहायकों के महत्व को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे हमेशा इन सहायकों के प्रति विनम्र रहें और उनके कार्यों के लिए आभार व्यक्त करें। स्कूल निदेशिका सोनम रॉस ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती हैं।





