झबरेडा 6 जुलाई। क्षेत्र के गाँव में करंट लगने से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर खेलमऊ निवासी अनिल कुमार (22) पुत्र रहतू, गांव में ही दर्जी का काम करता था। सोमवार को वह अपनी दुकान पर ग्राहक के कपड़ों पर प्रेस कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली की प्रेस में करंट आ गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि अनिल वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़ा।आसपास के लोग और परिजन आनन-फानन में अनिल को नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। अनिल की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि अनिल की शादी महज दो वर्ष पूर्व ही हुई थी। उसकी एक साल की मासूम बेटी है। अनिल की असमय मौत से उसकी पत्नी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।





