झबरेडा 19 जून। कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक में शुक्रवार को अचानक सर्वर डाउन होने से बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। इसके चलते बैंक पहुंचे सैकड़ों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घंटों इंतजार करने के बाद भी सर्वर ठीक न होने पर कई लोगों को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा।

शुक्रवार को साप्ताहिक व्यस्तता के कारण सुबह से ही दोनों मुख्य बैंकों में पैसे निकालने, जमा करने और पासबुक प्रिंट कराने वाले उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा थी। लेकिन काम शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोनों बैंकों का सर्वर डाउन हो गया। इसके बाद कंप्यूटर सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। बैंक कर्मियों द्वारा सर्वर डाउन होने की बात कहे जाने पर उपभोक्ताओं में मायूसी छा गई। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आए बुजुर्ग, महिलाएं और किसान घंटों लाइनों में खड़े होकर सर्वर आने का इंतजार करते रहे। दोपहर बाद तक भी जब तकनीकी खामी दूर नहीं हुई, तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। उपभोक्ताओं का कहना था कि बैंकों में अक्सर लिंक फेल होने की समस्या बनी रहती है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। इस संबंध में बैंक प्रबंधकों का कहना है कि मुख्य सर्वर में तकनीकी दिक्कत आने के कारण यह समस्या हुई, जिसे ठीक करने के लिए उच्च स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।





