झबरेड़ा 21 अप्रैल। थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव निवासी एक किसान की ट्यूबवैल से विद्युत मोटर चोरी होने के मामले में पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर, पीड़ित किसान ने अब न्यायालय की शरण ली है। पीड़ित ने न्यायालय दितीय रुड़की के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई है।

झबरेडा थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर खेलमऊ निवासी किसान रघुदेव के खेत पर 7.5 एचपी की बिजली की ट्यूबवैल लगी हुई है। बीती 18 जून 2025 की रात अज्ञात चोरों ने ट्यूबवैल के कमरे की दीवार तोड़कर वहां लगी विद्युत मोटर को उखाड़ लिया। चोरों ने मोटर से कीमती तांबे के तार निकाल लिए और मोटर का खोखा मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गए। घटना का पता किसान को अगले दिन 19 जून की सुबह खेत पर जाने पर लगा। पीड़ित रघुदेव का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद 19 जून 2025 को सुबह 10:00 बजे थाना झबरेड़ा में तहरीर दी थी और मांग की थी कि उस रात घटनास्थल के पास सक्रिय मोबाइल लोकेशन के जरिए बदमाशों का पता लगाया जाए। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने 23 जून 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को भी रजिस्टर्ड डाक से पत्र भेजा, लेकिन वहां से भी कोई सुनवाई नहीं हुई। हर तरफ से निराश होकर पीड़ित किसान ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर थानाध्यक्ष झबरेड़ा को मुकदमा दर्ज करने और प्रभावी विवेचना करने के आदेश जारी करने की प्रार्थना की है। किसान का कहना है कि सिंचाई का मुख्य साधन चोरी हो जाने से उसे खेती-बाड़ी में भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर संबंधित मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





