झबरेड़ा 23 मई। थाना क्षेत्र के ग्राम झबरेडी खुर्द में डॉ. भीमराव आंबेडकर समाज कल्याण शिविर में दो पक्षों में हुए पथराव, मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

डॉ. भीमराव आंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर के प्रचार वाहन के ड्राइवर बबलू को स्थानीय निवासी संदीप ने रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस संदीप को हिरासत में लेकर थाने ले गई। संदीप की गिरफ्तारी से नाराज होकर सौरभ, वंश, अंजलि, मीनू और 10-12 अन्य लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर कार्यक्रम स्थल पर घुस आए। उन्होंने शिकायतकर्ता वैजन्ती माला पर हमला कर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। वैजन्ती माला को बचाने आए ड्राइवर अंशुल कर्णवाल पर आरोपितो ने रस्सी से गला घोंटने का प्रयास किया और धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसका कान कटकर अलग हो गया। बीच-बचाव करने आए बबलू के साथ भी मारपीट की गई। सभी घायलों का मेडिकल सिविल अस्पताल रुड़की में कराया गया, जहां से अंशुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, मुख्य आरोपित सौरभ आपराधिक किस्म का व्यक्ति है, जो इलाके में डर पैदा करने के लिए अवैध तमंचे और कारतूस के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करता है। पीड़िता वैजन्ती माला निवासी प्रीत विहार कॉलोनी, रुड़की की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष के सौरभ द्वारा भी पुलिस को तहरीर देकर वैजयंती माला दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से आई तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है जो भी मामले में दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।





