झबरेडा 19 जून। नगर पंचायत में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों और छोटे व्यापारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

शुक्रवार को नगर पंचायत झबरेड़ा सभागार में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले के दौरान कस्बे में स्थित जिला सहकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी व कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैंक कर्मियों ने मेले में आए रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों को ‘पीएम स्वनिधि योजना’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे इस योजना के तहत बेहद आसान शर्तों पर बिना किसी गारंटी के लोन प्राप्त कर व्यापार को आगे बढ़ाया जा सकता है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने कहा कि इस तरह के मेलों के आयोजन से सरकारी योजनाएं सीधे जनता तक पहुंचती हैं। उन्होंने कस्बे के लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। मेले में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की। मेले को सफल बनाने में स्थानीय प्रशासन का पूरा सहयोग रहा। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत,ओमपाल सिंह,राजवीर सिंह,अर्जुन सिंह,ज़ुल्फ़ान अलीआदि मौजूद रहे।





