झबरेड़ा 16 मई। हरिद्वार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शादी समारोह से अगवा किए गए 3 वर्षीय मासूम बच्चे को महज 20 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने पत्रकारवार्ता में बताया कि गत 14 मई को ग्राम भगतोवाली से बच्चा लापता हुआ था। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित झबरेड़ा पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से मुजफ्फरनगर यूपी निवासी मुख्य आरोपित गरजा उर्फ गजे को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम जब दूसरे आरोपित की तलाश में पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची, तो पुलिस को देखकर दूसरा आरोपित बच्चे को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपितो की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर जनता ने आभार जताया है। तथा मामले के मुख्य आरोपित गरजा उर्फ गजे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया गया है।





