देहरादून 20 जुलाई। राजधानी देहरादून के पटेलनगर/आईएसबीटी थाना क्षेत्र में बेखौफ झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आईएसबीटी चौकी क्षेत्र में शाम के समय घर लौट रही एक कामकाजी युवती से स्कूटी सवार अज्ञात बदमाशों ने सरेराह मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, आस्था एनक्लेव फेस-2, बंसल होम्स के पास की रहने वाली रुबीना देहरादून स्थित ‘इंडिया मार्ट’ कंपनी में नौकरी करती हैं। बीते 15 जुलाई की शाम लगभग 7:30 बजे वह ऑफिस से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित माया फार्म के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आए स्कूटी सवार अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से उनका आईफोन 13 छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने घटना की लिखित शिकायत आईएसबीटी चौकी पुलिस को सौंपी है। पुलिस कॉन्स्टेबल जयदेव सिंह भंडारी द्वारा पंजीकृत तहरीर के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल को सर्विलांस IMEI ट्रेसिंग पर लगाकर अज्ञात झपटमारों की तलाश में जुट गई है।





