
झबरेड़ा 12 मार्च। पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव स्थित खेतों में छापेमारी कर भारी मात्रा में गौ-मांस के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है,जबकि एक जिंदा गोवंश को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में गौ-तस्करी और गोकशी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना झबरेड़ा पुलिस ने ग्राम बलेलपुर के खेतों में छापेमारी कर भारी मात्रा में गौ-मांस के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक जिंदा गोवंश को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बलेलपुर स्थित गुल नमाज के खेत में गोकशी की जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष झबरेड़ा अजय शाह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो मौके पर भगदड़ मच गई। अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर कुछ आरोपी फरार होने में कामयाब रहे,लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपित को मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े गए आरोपित की पहचान सुभान निवासी ग्राम सफरपुर, थाना गंगनहर के रूप में हुई है। मौके से पुलिस को गौ-मांस लगभग 450 किलोग्राम 1 जिंदा गोवंशीय बछड़ा तथा 4 छुरी, 4 कुल्हाड़ी और 1 तराजू बरामद हुई। थाना अध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि आरोपित सुभान एक शातिर और आदतन अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ थाना झबरेड़ा और गंगनहर में गौ-संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पहले से ही 7 मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। आरोपित के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस दौरानपुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह सहित उपनिरीक्षक नवीन चौहान, जय सिंह राणा, रामवीर, वीरेंद्र शर्मा, देवेश सिंह, प्रदीप बिष्ट, रणवीर और रीना शामिल रहे।




