झबरेड़ा 17 फरवरी। कस्बा निवासी तीन व्यक्तियों के खाते से 4 लाख से भी अधिक की साइबर ठगी कर ली गई। ठगी का एहसास उस समय हुआ जब दूसरी ओर से फोन कर 10 लाख रुपए और भेजने को कहा गया। कस्बा निवासी व्यक्ति द्वारा साइबर ठगी के संबंध में थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है।

कस्बा झबरेड़ा निवासी अक्षय कुमार गुप्ता द्वारा थाने में तहरीर देकर बताया कि मेरे द्वारा सोमवार को फेसबुक पर एक ऐप डाउनलोड की गई थी। यह ऐप शेयर मार्केट में पैसा लगाने तथा मुनाफा दिए जाने के संबंध में थी ।मेरे द्वारा लिंक डाउनलोड कर अपने पीएनबी झबरेड़ा बैंक खाता नंबर से 58000 ट्रेडिंग ऐप में भेज दिए गए थे। ऐप को डाउनलोड करते ही एक फोन आया तथा और पैसे भेजने को कहा गया। फोन आते ही मेरे द्वारा अपने दोस्त परवेज के खाते से 48000 रुपए तथा अपने रिश्तेदार अनुराग कुमार के खाते से 3 लाख इस खाते में भेज दिए गए। उक्त रुपए जाने के बाद उधर से फोन आया तथा 10 लाख रुपए और लगाओ कहा गया ।उधर से फोन आने पर तथा 10 लाख रुपए और लगाने के लिए कहने पर मुझे ऑनलाइन ठगी का एहसास हुआ। जब मेरे द्वारा इस नंबर पर फोन किया गया तो नंबर ही नहीं लग पाया। थाना ध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।





