झबरेड़ा 17 अगस्त। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ ही कांवड़ मेले के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी प्रभारी इकबालपुर नीरज रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को लाठरदेवा शेख के पास चेकिंग के दौरान सारिक निवासी ग्राम तेलीवाला, थाना गंगनहर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपित किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि संदिग्धों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज रावत और कांस्टेबल नसीबुद्दीन शामिल रहे।





