झबरेड़ा, 1 जून। क्षेत्र के गांव के पास देर शाम तीन व्यक्तियों के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले रास्ते में कहासुनी होने के बाद गाँव पहुँचकर दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और पथराव भी हुआ। इस मामले में दोनों ही पक्षों ने अलग-अलग थानों में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम बसवाखेड़ी निवासी तीन व्यक्तियों के बीच रविवार देर शाम ग्राम कोटवाल आलमपुर के पास किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राम बसवाखेड़ी स्थित अपने घर पहुँचने के बाद दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए और उनके बीच दोबारा मारपीट के साथ-साथ पथराव भी हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। दिलचस्प बात यह है कि जहाँ एक पक्ष ने कार्रवाई के लिए झबरेड़ा कोतवाली में तहरीर दी, वहीं दूसरे पक्ष ने मंगलौर कोतवाली का रुख करते हुए अपनी तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि घटना क्षेत्र को देखते हुए झबरेड़ा कोतवाली में दी गई तहरीर को कानूनी कार्रवाई के लिए मंगलौर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके साथ ही, झबरेड़ा थाने पहुंचे पीड़ित पक्ष को भी उचित कार्रवाई और जांच के लिए मंगलौर कोतवाली भेज दिया गया है। अब इस पूरे मामले की जांच मंगलौर पुलिस द्वारा की जा रही है।





