Oplus_16908288
झबरेड़ा, 7 अक्टूबर। हरिद्वार जिले में संचालित हो रहे गन्ना कोल्हुओं को लेकर किसान नेताओं और सरकार के बीच टकराव के आसार बनते दिखाई दे रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि गन्ना कोल्हू संचालकों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद कराने का प्रयास किया गया तो किसान प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। किसान नेताओं ने कहा कि किसानों को परेशान किया गया तो आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

भाकियू टिकैत जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री, जिला महामंत्री कुलदीप कुमार, जिला महासचिव संजीव सैनी सहित महाकाल सिंह, राजपाल सिंह, अनुज कुमार, मुनव्वर हुसैन, सुलेमान मलिक और जमशेद अली ने कहा कि एक अक्टूबर से गन्ना कोल्हू संचालित होने शुरू हो गए हैं। उनका आरोप है कि चीनी मिलों के दबाव में सरकार द्वारा कोल्हुओं के संचालन को लेकर किसानों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। किसान नेताओं ने कहा कि खांडसारी विभाग द्वारा लाइसेंस लेने, संचालन की सूचना देने तथा गन्ने की खरीद, पेराई और उत्पादन का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। किसान नेताओं का आरोप है कि इन नियमों की आड़ में कोल्हू संचालकों को परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी किसान या कोल्हू संचालक पर दबाव बनाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।





