झबरेड़ा, 18 सितंबर। कोतवाली क्षेत्र के गांव के पास गुरुवार देर शाम गन्ने के खेत में गोकशी की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस टीम को देखकर गोकशी में शामिल लोग अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से करीब 60 किलो प्रतिबंधित मांस, लकड़ी का पट्टा, तराजू-बांट और प्लास्टिक की थैलियां बरामद की हैं। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि गुरुवार देर शाम सूचना मिली थी कि लाठरदेवा शेख के पास गन्ने के खेत में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। सूचना पर एसआइ रविंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खेत की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद सभी लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने खेत की तलाशी ली तो वहां करीब 60 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। इसके अलावा लकड़ी का पट्टा, तराजू-बांट और प्लास्टिक की थैलियां भी मिलीं। पुलिस ने बरामद मांस को गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबवा दिया। पुलिस ने मामले में लाठरदेवा शेख निवासी नदीम अहमद, सलमान, नबी अहमद, जगीर अहमद और फरमान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।





