झबरेड़ा, 8 अक्टूबर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपने देवर पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने सास-ससुर पर भी देवर का पक्ष लेने और उसे घर से निकालने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम उसका देवर बाहर से घर आया था। आरोप है कि घर पहुंचते ही वह बिना किसी कारण उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। महिला ने जब उसे गाली देने से मना किया तो देवर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला ने बताया कि जिस समय उसके साथ मारपीट की जा रही थी, उस समय उसके सास-ससुर भी मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने बीच-बचाव करने के बजाय देवर का ही पक्ष लिया। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। तथा उसके बच्चे भी अपने पास ही रख लिए है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष को भी कोतवाली बुलाया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





