झबरेड़ा, 30 मई। कोतवाली क्षेत्र में एक नर्सिंग कॉलेज के छात्र और स्थानीय लोगों के बीच उपजा विवाद गहरा गया है। एक तरफ जहां छात्र पर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और गलत काम करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है, वहीं दूसरी तरफ छात्र के पिता की तहरीर पर चार स्थानीय युवकों के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।

कोतवाली क्षेत्र के एक ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कस्बे में स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहे छात्र कृष्णा निवासी ग्राम कोलाहेड़ी, थाना तितरो, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ की और गलत काम किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपित छात्र कृष्णा के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी ओर इस घटनाक्रम के बीच, आरोपित छात्र कृष्णा के पिता श्रीपाल निवासी मुजफ्फरनगर, यूपी ने भी कोतवाली में तहरीर देकर स्थानीय युवकों पर अपने बेटे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। उनका बेटा कृष्णा झबरेड़ा के ग्राम भक्तोंवाली में किराए का कमरा लेकर रहता है। शुक्रवार की शाम को गांव के ही चार युवक सौरभ, रवि कुमार, बादल और विशेष कुमार अचानक कृष्णा के कमरे में घुस आए। उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और कृष्णा को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस हमले में कृष्णा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह लहूलुहान हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि छात्र के पिता की तहरीर पर चारों नामजद आरोपितो सौरभ, रवि, बादल और विशेष के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। एक पक्ष की शिकायत पर छात्र के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है, वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर छात्र के साथ मारपीट करने वाले चार युवकों पर भी केस दर्ज हुआ है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निष्पक्षता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





