झबरेड़ा 22 जून। पुलिस ने चेकिंग के दौरान नहर पटरी के पास से एक युवक को अवैध बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपित नशे की लत को पूरा करने के लिए इलाके में छोटी-मोटी चोरियां और लोगों को डराने-धमकाने का काम करता था।

झबरेडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि रविवार की रात कोतवाली पुलिस टीम के हेड कांस्टेबल हरेंद्र कुमार और कांस्टेबल कुंवर सिंह क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध वाहनो व व्यक्तियों की चेकिंग के लिए गश्त कर रहे थे। रात करीब 12:30 बजे जब पुलिस टीम कोटवाल आलमपुर नहर पटरी के पास पहुंची, तो लाठरदेवा हुण की तरफ से एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को सामने देख युवक घबरा गया और पीछे मुड़कर तेजी से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आवश्यक बल प्रयोग कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब पुलिस ने पकड़े गए युवक की तलाशी ली, तो उसके लोवर की जेब से एक बड़ा और घातक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम दीपक निवासी ग्राम सढौली, थाना झबरेड़ा, जिला हरिद्वार बताया। आरोपित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि साहब मुझे माफ कर दो। मैं इस चाकू को लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास रखता हूँ, ताकि इलाके में डर बनाकर अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए छोटी-मोटी चोरियां कर सकूं। पुलिस ने आरोपित को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया और कानूनी कार्रवाई कर चलन करते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।





