झबरेड़ा 13 अप्रैल। अपराध नियंत्रण और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार देर शाम पुलिस टीम ग्राम खाताखेड़ी के पास दोपहिया वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक वहां से गुजरता हुआ दिखाई दिया, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं।पुलिस टीम ने जब उसे रुकने की आवाज दी, तो आरोपित ने उसे अनसुना कर दिया और भागने की नीयत से दूसरी दिशा में जाने लगा। तत्परता दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक लंबे फन वाला अवैध चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम अंकित ग्राम पनियाली, थाना रुड़की बताया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर थाने लाया, जहाँ उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर दिया है।





