झबरेड़ा 20 जुलाई। मोबाइल फोन पर शुरू हुआ प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर की एक युवती अपने परिजनों को छोड़कर सीधे उत्तराखंड में प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी है। मामला पुलिस स्टेशन तक पहुंचने के बाद भी युवती ने अपने परिजनों के पास वापस जाने से साफ इनकार कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बिजनौर की रहने वाली 20 वर्षीय युवती की जान-पहचान करीब एक वर्ष पूर्व झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भक्तोंवाली निवासी एक युवक से मोबाइल फोन के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं।चार दिन पहले युवती अपने परिजनों को बिना बताए भक्तोंवाली आ पहुंची और सीधे प्रेमी के घर चली गई। युवती प्रेमी व उसके परिवार वालों से विवाह करने की जिद करने लगी और बीते चार दिनों से प्रेमी के घर पर ही रह रही थी। युवती का दावा है कि युवक भी उससे शादी करने के लिए तैयार है। सोमवार को युवक की मां और भाई युवती को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस के सामने भी युवती अपने फैसले पर अडिग रही और उसने अपने माता-पिता के घर जाने से साफ मना कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए एस.एस.आई. सत्येंद्र भंडारी ने बताया कि युवती को काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपने प्रेमी से ही शादी करने की जिद पर अड़ी रही। बाद में पुलिस ने युवक के परिजनों को युवती के माता-पिता से संपर्क कर आपसी सहमति से कोई हल निकालने के निर्देश दिए। इसके बाद युवती प्रेमी की मां और भाई के साथ वापस लौट गई। युवक के परिजनों से युवती को उसके माता-पिता के सुपुर्द करने को कहा गया है।





