Oplus_16908288
झबरेड़ा 15 सितम्बर। विद्युत चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम और संबंधित उपखंडों की टीम ने मंगलवार को संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अलग-अलग गांवों में 115 विद्युत चोरी के मामले पकड़े गए। विभाग की कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में अफरा-तफरी मच गई।

विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर, झबरेड़ा और लंढौरा क्षेत्र में विद्युत चोरी की शिकायतों के बाद विजिलेंस टीम के अधिशासी अभियंता अरुण कांत के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। टीम ने ग्राम टांडा भंनेड़ा, हरचंदपुर निजामपुर, शेरपुर खेलमऊ और कोटवाल आलमपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग की। इस दौरान कई लोग सीधे कटिया डालकर तथा मीटर से पहले केबल में कट लगाकर बिजली का उपयोग करते पाए गए। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हीटर से खाना बनाते हुए भी बिजली चोरी पकड़ी गई।अचानक हुई कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने आनन-फानन में बिजली के तार हटाने का प्रयास किया। विभाग के अनुसार टांडा भंनेड़ा में 49, हरचंदपुर निजामपुर में 31 तथा कोटवाल आलमपुर में 35 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए। अभियान में कुल 115 मामले सामने आए। चेकिंग टीम में विजिलेंस के अधिशासी अभियंता अरुण कांत, उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी, अश्विनी कुमार, सजल हटवाल, मो. रिजवान और राम कुमार कौशिक सहित विजिलेंस एवं विद्युत विभाग के अवर अभियंता, सहायक अभियंता, निरीक्षक तथा पुलिस बल शामिल रहा। अधिशासी अभियंता अरुण कांत ने बताया कि बिजली चोरी करते पकड़े गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी और मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी विद्युत चोरी के खिलाफ संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं से बिजली का उपयोग आवश्यकता के अनुसार और सावधानीपूर्वक करने की अपील की है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी के कारण विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ता है। निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है। उपभोक्ताओं के सहयोग से ही विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सकता है।





