Oplus_16908288
झबरेड़ा, 29 अगस्त। मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में एम्बिशन पब्लिक स्कूल में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने खो-खो, बैडमिंटन, दौड़, कबड्डी और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


शनिवार को खेल प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। शारीरिक शिक्षा शिक्षक सुमित स्वामी ने विद्यार्थियों को खेल एवं शारीरिक फिटनेस के महत्व की जानकारी दी। वहीं, ताइक्वांडो प्रशिक्षक ने आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को जागरूक किया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक विश्वास सिंह पंवार और निदेशक सोनम रॉस ने कहा कि खेल स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।





