झबरेड़ा, 11 सितंबर। झबरेड़ा-गुरुकुल मार्ग पर रेलवे अंडरपास से कुछ आगे खेत में लगे हैंडपंप की नई मशीन अज्ञात चोर उतारकर ले गए। हैंडपंप सड़क किनारे होने के कारण राहगीर भी यहां पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते थे। चोरी की घटना से किसान और ग्रामीणों में रोष है।

किसान नसीम अहमद ने बताया कि गन्ना कोल्हू में पानी पीने तथा अन्य कार्यों के लिए खेत में हैंडपंप लगवाया गया था। पुरानी मशीन खराब होने के कारण हैंडपंप कम पानी दे रहा था। करीब तीन दिन पहले ही हैंडपंप पर नई मशीन लगाई गई थी। गुरुवार रात अज्ञात चोर हैंडपंप से नई मशीन खोलकर चोरी कर ले गए। किसान का कहना है कि क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। इससे पहले भी कई किसानों के नलकूपों से विद्युत मोटर और अन्य उपकरण चोरी किए जा चुके हैं। किसानों का आरोप है कि पुलिस को कई बार तहरीर देने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। खेतों में लगे नलकूप और हैंडपंप भी चोरों से सुरक्षित नहीं हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि खेतों में चोरी करने वाले आरोपितों का शीघ्र पता लगाकर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





