Oplus_16908288
झबरेड़ा 13 अप्रैल। कस्बे में आगामी अंबेडकर जयंती और शोभायात्रा को हर्षोल्लास व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सोमवार को थाना परिसर में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने की, जिसमें स्थानीय गणमान्य नागरिकों और आयोजन समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द और शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखना जितना पुलिस का दायित्व है, उतनी ही जिम्मेदारी आम नागरिकों की भी है। आपसी सहयोग से ही त्योहार की गरिमा बनी रहती है। बैठक में सुचारू आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा निम्नलिखित निर्देश दिए गए। डीजे का साउंड और वाइब्रेशन निर्धारित सीमा में होना चाहिए ताकि किसी अन्य व्यक्ति को असुविधा न हो। शोभायात्रा उसी निर्धारित मार्ग से निकाली जाएगी जिससे पूर्व में निकलती रही है। किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। थाना प्रभारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी शांति व्यवस्था भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो उसके विरुद्ध पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इस अवसर पर मानसिंह, राहुल कुमार, उमेश कुमार, ऋषि पाल, राजेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, रणवीर सिंह, जय सिंह राणा और मनोज कांबोज आदि शामिल थे। सभी ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।





