झबरेड़ा 22 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव में ईंट भट्ठा संचालक पर एक ग्रामीण की ज़मीन से तय सीमा से अधिक मिट्टी उठाने, लाखों रुपये के भुगतान में धोखाधड़ी करने और मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली झबरेडा के ग्राम बिंदु खड़क निवासी सुशील चौधरी ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि गांव में उनकी 11 बीघा कृषि भूमि है। उन्होंने गांव में ही स्थित एक ईंट भट्टा संचालक को मिट्टी उठाने के लिए अपनी जमीन दी थी। दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ था कि ज़मीन से केवल 4 फीट गहरी मिट्टी ही उठाई जाएगी। पीड़ित का आरोप है कि लिखित समझौते के बावजूद ईंट भट्ठा संचालक ने ज़मीन से 6 फीट गहरी मिट्टी उठा ली, जिससे उनकी ज़मीन को भी नुकसान पहुँचा है। इसके अलावा, मिट्टी उठाने के एवज में जो लाखों रुपये की राशि तय हुई थी, उसका भुगतान भी संचालक द्वारा नहीं किया जा रहा है। सुशील चौधरी के अनुसार, जब भी उन्होंने अपने बकाये पैसे मांगे, ईंट भट्ठा संचालक ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया और उल्टे उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि ग्रामीण की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





