Oplus_16908288
झबरेडा 14 मई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन ने रिक्त पदों पर नई भर्ती समेत अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को झबरेड़ा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बैंक कर्मियों ने प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।

अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ के आह्वान पर आयोजित इस देशव्यापी आंदोलन के तहत झबरेड़ा शाखा के कर्मचारी सुबह से ही काला मास्क पहनकर कार्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने न केवल मास्क लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया, बल्कि कार्य के दौरान मौन उपवास रखकर प्रबंधन की हठधर्मी के प्रति अपना रोष व्यक्त किया।प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि वे बैंक के कामकाज को प्रभावित किए बिना अपनी बात प्रबंधन तक पहुँचाना चाहते हैं, लेकिन यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो वे कड़े कदम उठाने को विवश होंगे। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, बैंक में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों के कारण मौजूदा कर्मचारियों पर काम का बोझ अत्यधिक बढ़ गया है, जिससे बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उनकी प्रमुख मांगों में रिक्त पदों पर अविलंब नई नियुक्तियां हो। कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार हो। प्रबंधन द्वारा अन्य लंबित मांगों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह केवल सांकेतिक प्रदर्शन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बैंक प्रबंधन ने उनकी मांगों की अनदेखी जारी रखी, तो आगामी 25 और 26 मई 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल की जाएगी। इस हड़ताल से देश भर में बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रह सकती हैं। इस दौरान मुख्य रूप से आनन्द कुमार, पायल, प्रवीण, टिल्लू और सतीश कुमार समेत शाखा के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में संघ के निर्णय का समर्थन करने और आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।





