Oplus_16908288
झबरेड़ा, 28 मई। कस्बा झबरेड़ा और इसके आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में त्याग और समर्पण का प्रतीक ईद-उल-अजहा बकरीद का त्योहार बेहद हर्षोल्लास, शांति और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

झबरेडा कस्बे में ईद की मुख्य नमाज सुबह 7:00 बजे झबरेड़ा-जाटोल मार्ग पर स्थित मुख्य ईदगाह पर अदा की गई। नमाज जामा मस्जिद के पेशइमाम मौलाना शाहिद द्वारा मुकम्मल कराई गई। इस पावन अवसर पर नमाज अदा करने के लिए झबरेड़ा कस्बे के अलावा आस-पास के कई गांवों भक्तोंवाली, शीतलपुर,कोटवाल आलमपुर,जाटोल से बड़ी संख्या में नमाजी ईदगाह पहुंचे। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के उपरांत उपस्थित अकीदतमंदों को संबोधित करते हुए मौलाना शाहिद ने कहा कि ईद-उल-अजहा का यह मुकद्दस त्योहार हमें अल्लाह की राह में अपना सब कुछ कुर्बान करने की प्रेरणा देता है। यह पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे और त्याग का संदेश देता है। हमें समाज में हमेशा प्रेम और सद्भाव बनाए रखना चाहिए। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पूरे क्षेत्र में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। शांति व्यवस्था में कोई खलल न पड़े, इसके लिए पुलिस टीमें सुबह से ही मुस्तैद थीं और पूरे दिन एक गांव से दूसरे गांव में गश्त करती रहीं। क्षेत्र के नागरिकों ने भी त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में प्रशासन का पूरा सहयोग किया।





