झबरेडा 21 अप्रैल। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनोता-देवबंद मार्ग पर मंगलवार को एक ट्रैक्टर-बोगी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, बहादराबाद के ग्राम रूहालकी निवासी शुभम (20 वर्ष) और भोलू (21 वर्ष), अपने साथी आदित्य (निवासी जैनपुर, लंढौरा) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर देवबंद की ओर से आ रहे थे। जैसे ही वे लखनोता चौकी के पास सुसाडा पहुँचे, सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-बोगी से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शुभम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुँची झबरेड़ा पुलिस ने तुरंत घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुँचाया। जहाँ उपचार के दौरान भोलू ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे घायल युवक आदित्य की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की कानूनी जाँच शुरू कर दी गई है। हादसे की खबर सुनते ही मृतकों के गांव रूहालकी और जैनपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।





