झबरेड़ा 7 जुलाई। क्षेत्र के गांव से एक 81 वर्षीय बुजुर्ग पुरोहित पिछले करीब एक साल से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़ित पुत्र ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर बुजुर्ग की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आदेश कुमार निवासी ग्राम बिन्डूखडक, कोतवाली झबरेड़ा वर्तमान में राजस्थान के सीकर स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। आदेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके वृद्ध पिता सहदेव शर्मा उम्र लगभग 81 वर्ष जो पेशे से पुरोहित हैं, बीते 10 अप्रैल 2025 को घर से बिना बताए कहीं चले गए थे।परिजनों के मुताबिक, सहदेव शर्मा पहले भी कई बार बिना बताए घर से चले जाते थे और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ग्राम बुढ़ाखेड़ा में रहने वाली अपनी चचेरी बहन के घर चले जाते थे। अक्सर वह कुछ दिनों या महीनों बाद त्योहारों पर घर लौट आते थे। लेकिन इस बार जब वह दीपावली और होली जैसे बड़े त्योहारों पर भी घर वापस नहीं लौटे, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। बताया कि हमने अपने स्तर पर सभी रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर पिताजी की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है और बुजुर्ग की तलाश के लिए आसपास के थानों व सोशल मीडिया के माध्यम से प्रयास तेज कर दिए हैं।





