Oplus_16908288
झबरेड़ा 6 मई। थाना क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती बुधवार को अचानक स्वयं थाने पहुँच गई। युवती के अचानक वापस आने से पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है, हालांकि पुलिस अब मामले की वैधानिक जांच में जुट गई है।

झबरेडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती बीते 29 अप्रैल को परिजनों को बिना कुछ बताए घर से कहीं चली गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगाया था। पुलिस इस मामले में लगातार छानबीन कर रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि 30 अप्रैल को शक के आधार पर नामजद युवक को थाने बुलाकर पूछताछ की गई थी।
पुलिस युवती की तलाश में जुटी थी, लेकिन आठ दिन बाद बुधवार को युवती अकेले ही थाने पहुंच गई। युवती के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती के अचानक वापस लौटने से गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन आठ दिनों में युवती कहाँ और किन परिस्थितियों में थी।




