झबरेड़ा 19 अगस्त। शराब ठेके के पास कैंटीन में दो युवकों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका रुड़की के अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

नन्हेड़ा अनंतपुर निवासी अंकित लांबा ने कोतवाली झबरेड़ा में दी तहरीर में बताया कि उसका भाई रजनीश कुमार और आकाश निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर 10 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे इकबालपुर स्थित शराब के ठेके पर शराब लेने गए थे। शराब लेने के बाद दोनों ठेके के पास स्थित कैंटीन में चले गए। आरोप है कि कैंटीन में किसी बात को लेकर दोनों का संदीप, जौनी और ठेके से जुड़े दो अन्य लोगों से विवाद हो गया। इसके बाद आरोपितों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रजनीश पर कैंटीन में रखे गर्म कुकर, फ्राई पैन, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे उसके शरीर पर काफी चोटें आई हैं। घायल रजनीश का रुड़की के हेमंत अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में पुलिस को तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





