झबरेड़ा, 30 मई। कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के एक गांव में गाली-गलौज और दंगा-फसाद कर रहे दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितो के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।

झबरेडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कोटवाल आलमपुर में कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां ग्राम कोटवाल आलमपुर निवासी शमशेर अली और गुलशेर सरेराह खड़े होकर जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहे थे और माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहे थे।मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को शांत कराने और समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और हंगामा करते रहे।युवकों के उग्र रवैये और न मानने पर पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का दंगा-फसाद या शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने शमशेर अली और गुलशेर के खिलाफ संबंधित धाराओं में शांति भंग में जेल भेज दिया है।





