Oplus_16908288
झबरेड़ा 15 जुलाई। कस्बे के एक फार्म हाउस मे कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के तीन वरिष्ठ विधायकों ने शिरकत की, जहां उन्होंने नव-नियुक्त पार्टी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके साथ ही, आगामी 17 जुलाई को देहरादून में होने वाले छात्र महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया।

कस्बा झबरेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा शासन में सरकारी नौकरियों के लिए होने वाली लगभग 90% परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। अधिकारी पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और जनता त्रस्त है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगामी 17 जुलाई को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देहरादून आगमन पर उनके विचारों को सुनने भारी संख्या में पहुंचें।मंगलौर से कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह केवल जुमलों की सरकार है। प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार आज युवाओं से रोजगार छीन रही है। देश के बदहाल युवा वर्ग और पेपर लीक के मामलों को देखते हुए उन्होंने देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की। ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी ने आरोप लगाया कि 17 जुलाई को देहरादून में होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए अब तक 3 लाख से अधिक छात्रों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। छात्रों की इस भारी भीड़ और लोकप्रियता से डरी हुई भाजपा सरकार ने परेड ग्राउंड की बुकिंग को निरस्त करवा दिया है। लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है, यह कार्यक्रम देहरादून में ही किसी अन्य स्थान पर पूरी ताकत के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के विधायकों द्वारा पार्टी के नव-नियुक्त पदाधिकारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की बधाई दी गई। इस अवसर पर पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, सलमान सत्तार, मोहम्मद कदिम, नगर अध्यक्ष राहुल सैनी, हितेश चौधरी, राव कामरान, हाजी नौशाद, रिजवान अली, आदिल फरीदी, विक्रांत, अनस अंसारी एवं मुस्तकीम सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय युवा उपस्थित रहे।





