Oplus_16908288
झबरेड़ा,15 जुलाई। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत नारसन ब्लॉक में संकुल स्तरीय ‘ मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना’ खेल प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता ब्लॉक खंड शिक्षा अधिकारी एवं ब्लॉक खेल समन्वयक के कुशल दिशा-निर्देशन में आयोजित की गई।

बुधवार को दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न संकुलों के बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रमुख संकुलों में लाठरदेवाहूण, गुरुकुल नारसन, मोहम्मदपुरमखदुमपुर, लखनौता, गाधारोना,मुंडलाना, ढंडेरा एवं लिब्बरहेड़ी शामिल थे। दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन बालक वर्ग की विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जबकि दूसरे दिन बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया। खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता और क्षमता को परखने के लिए वैज्ञानिक खेल मानकों के आधार पर कई कड़े फिजिकल टेस्ट लिए गए, जिनमें मुख्य रूप से 30 मीटर फ्लाइंग रन और 600 मीटर दौड़,स्टैंडिंग ब्रॉड जम्प ,फारवर्ड बैंड एंड रीच,मेडिसिन बॉल थ्रो,6×10 शटल रन खेल प्रतियोगिता हुई। खंड शिक्षा अधिकारी नारसन आकांक्षा राठौर ने नन्हे और प्रतिभावान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और खेल भावना की जमकर सराहना की। वहीं, ब्लॉक खेल समन्वयक पवन राणा ने आगामी चरणों की जानकारी देते हुए बताया कि इस संकुल स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित होने वाले प्रतिभावान खिलाड़ी आगे ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अपने-अपने संकुल का प्रतिनिधित्व करेंगे और जिला स्तर के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में क्षेत्र के अनेक शिक्षाविदों और खेल प्रेमियों ने अपना अमूल्य सहयोग दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य आर्यव्रत चौधरी, भारतवीर सिंह मलिक, संजय आर्य, व्यायाम शिक्षक मनीष काकरान, सीआरसी ऋषिपाल, सीआरसी कुमारी नेहा परवीन, अरविंद कुमार, विपुल सालार, सुरेश प्रसाद, आलोक कुमार द्विवेदी, सौरभ कुमार, सतीश चंद, अरुण खरे, सोनिया सैनी, विवेक राठी, प्रीति सैनी, मंजूलता, हेमलता, सुरेश चंद, संजीव जटराणा, परमेंदर मलिक, दिनेश भल्ला, श्यामसिंह मलिक, वाजिद अली, प्रमोद कुमार, मुकेश कुमार एवं अरविंद चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





