झबरेडा 15 जुलाई। कस्बा स्थित स्कूल में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग एवं मोटिवेशनल सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोर्ड व आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना था।

बुधवार को कस्बा झबरेडा स्थित एम्बिशन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों, मैनेजमेंट संस्थानों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर चुके प्रसिद्ध करियर एक्सपर्ट डॉ. रविंदर सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ने कहा कि सफलता कोई शॉर्टकट नहीं है। इसके लिए निरंतर प्रयास, कड़ा अनुशासन, सकारात्मक सोच और सही दिशा में की गई मेहनत अत्यंत आवश्यक है। अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार सही करियर का चुनाव करें। पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के बीच संतुलन बनाने के लिए टाइम-टेबल का कड़ाई से पालन करें। प्रभावी अध्ययन तकनीकों को अपनाकर बिना किसी मानसिक दबाव के परीक्षा की तैयारी करें। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक विश्वास सिंह पंवार, निदेशक सोनम रॉस एवं प्रधानाचार्या पूजा सत्संगी ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े और ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने, कठिन परिश्रम करने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। सत्र के समापन पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक विश्वास सिंह पंवार ने मुख्य वक्ता डॉ. रविन्द्र सैनी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और विद्यालय की ओर से आभार व्यक्त किया। डॉ. सैनी ने भी विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी छात्रों के मार्गदर्शन हेतु ऐसे सत्र आयोजित करने की इच्छा जताई। इस सत्र में शामिल होकर विद्यार्थी बेहद उत्साहित और प्रेरित नजर आए।





