Oplus_19005440
झबरेड़ा 4 जून। कस्बे के मुख्य मार्गों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर पंचायत ने सख्त रुख अपनाते हुए झबरेड़ा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने अपनी टीम के साथ कस्बे में एक विशेष ‘अतिक्रमण हटाओ’ अभियान चलाया। नगर पंचायत की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे बाजार में दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया।

गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान ईओ हर्षवर्धन सिंह रावत ने टीम के साथ बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान जो दुकानदार तय सीमा को पार कर सड़क पर सामान फैलाकर अतिक्रमण कर रहे थे, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई। टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के मौके पर ही 9 अतिक्रमण करने वालों के चालान काटे गए। अधिशासी अधिकारी ने दोटूक शब्दों में कहा कि कस्बे के मुख्य मार्गों और बाजारों में अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को सचेत करते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई भी दुकानदार दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही अतिक्रमणकारियों पर भारी आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा और अतिक्रमण हटाओ कि यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। पंचायत प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों का सामान सीमा के भीतर ही रखें और कस्बे की यातायात व व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें। इस दौरान नगर पंचायत टीम में ओमपाल सिंह, तरुण सैनी ,जुल्फान अली, टीटू आदि मौजूद रहे।





