Oplus_16908288
झबरेड़ा 16 मई। आगामी मानसून की भारी बारिश को देखते हुए नगर पंचायत झबरेड़ा प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कस्बे में बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से आम जनता को निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कमर कस ली है।

शनिवार को उन्होंने पर्यावरण मित्रों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर कस्बे की सभी छोटी-बड़ी नालियों और मुख्य नालों की सफाई व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करने के कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। नगर पंचायत झबरेडा अध्यक्ष किरण चौधरी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि कस्बे की साफ-सफाई और जल निकासी के मामले में किसी भी स्तर पर कोई कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि बरसात के पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित करने के लिए कस्बे में नालियों की सफाई का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने पर्यावरण मित्रों को निर्देशित किया कि कस्बे की छोटी नालियों से लेकर बड़े नालों तक, हर जगह की जमी हुई गाद और कचरे को पूरी तरह साफ किया जाए। गर्मी और उमस के इस मौसम में किसी भी रिहायशी इलाके या नाली में गंदा पानी जमा न होने पाए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि रुके हुए गंदे पानी में मच्छरों और हानिकारक कीड़ों के पनपने का खतरा सबसे ज्यादा होता है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं। आम जनता के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना बेहद अनिवार्य है। अध्यक्ष किरण चौधरी ने नगर पंचायत की नियमित व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कस्बे के भीतर दोनों समय पर्यावरण मित्रों द्वारा मुस्तैदी से सफाई की जा रही है। इसके साथ ही, कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कूड़ा उठाने वाली ट्रैक्टर-ट्रालियों को भी सुबह और शाम दोनों वक्त कस्बे के विभिन्न वार्डों में भेजा जा रहा है ताकि सड़कों पर गंदगी जमा न हो सके। उन्होंने कस्बे की जनता से भी अपील की है कि वे नालियों में प्लास्टिक और कूड़ा-कचरा न फेंकें, ताकि मानसून के दौरान पानी की निकासी में कोई बाधा उत्पन्न न हो और कस्बा साफ-सुथरा व बीमारियों से मुक्त रहे। उन्होंने कहा कि सफाई सुपरवाइजर जुल्फान अली के नेतृत्व में सभी सफाई कर्मी लगन और मेहनत से कार्य कर रहे हैं।





